पब्लिक स्वर,महासमुंद। महासमुंद जिले में कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर की टाटा हैरियर कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 5 अगस्त को कोमाखान थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही सफेद रंग की टाटा हैरियर (क्रमांक MH-48-BH-8222) में तीन लोग गांजा लेकर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर ग्राम टेमरी जांच नाके पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर कोमाखान चौकड़ी (एनएच-353) के पास वाहन को घेरकर रोक लिया और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान नागराज पारधी (26), दिनेश माली (28) और सतपाल सिंह राजपूत (38) निवासी शिरपुर, जिला धुले (महाराष्ट्र) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा के बालीगुड़ा से लेकर महाराष्ट्र के नारदाना (धुले) ले जा रहे थे।
कोमाखान पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

User 1









