राजनीति
24 साल के दिव्यांग युवक ने की आत्महत्या! पुलिस को सूचना दिए बिना किया अंतिम संस्कार, जांच में जुटी पुलिस
पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के केवांछी गांव में 24 वर्षीय दिव्यांग युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। शनिवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार शुरू कर दिया। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने तक शव पूरी तरह जल चुका था।
मृतक की पहचान केवांछी निवासी हिमांशु ध्रुव (24) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद बिल्हा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का अंतिम संस्कार हो जाने के कारण पुलिस ने मौके से मिले हड्डियों के अवशेष जब्त किए हैं। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
बीमारी से परेशान होने की बात सामने आई
बिल्हा थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि हिमांशु पिछले कुछ समय से बीमारी से परेशान था। पुलिस को आशंका है कि बीमारी से जुड़ी परेशानी आत्महत्या की वजह हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारण की पुष्टि नहीं की है।
मर्ग कायम कर जांच शुरू
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से बरामद अवशेषों और अन्य साक्ष्यों को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। बिल्हा पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक के बीमारी से परेशान होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।