राजनीति
धमतरी में करैत सांप के डसने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत
पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम अटंग में जहरीले सांप के डसने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरिराज सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गिरिराज रात में घर के अंदर बिस्तर पर सो रहा था, तभी जहरीले कॉमन करैत सांप ने उसे दो बार डस लिया।
जानकारी के मुताबिक, सोने के दौरान करैत सांप ने पहले बच्चे के कान पर डसा। इसके बाद सांप ने उसके हाथ पर भी डंक मार दिया। कुछ ही देर में गिरिराज की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना के बाद परिजनों ने सांप को मार दिया और बच्चे को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने के लिए उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान गिरिराज ने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, गांव में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।